

रूद्रपुर (उत्तराखंड)।मनोज सरकार स्टेडियम परिसर में स्थित साइक्लिंग वेलोड्रम के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं खेल विभाग के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख सचिव खेल उत्तराखंड अमित सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर रैली में भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
रैली के दौरान खेलों के प्रति उत्साह और अनुशासन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ साइक्लिंग कर खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में भारतीय साइक्लिंग फेडरेशन के सचिव मनिंदरपाल सिंह, प्रभारी उपनिदेशक खेल श्रीमती राशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ाधिकारी ऊधमसिंहनगर श्रीमती जानकी कार्की, जिला क्रीड़ा अधिकारी नैनीताल श्रीमती निर्मला पंत, उत्तराखंड आयुष परिषद के अध्यक्ष एवं चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के एमडी डॉ. केसी चंदौला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत, समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा शुरू किया गया ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आज पूरे देश में जन आंदोलन का रूप ले चुका है। अमित सिन्हा ने राष्ट्रीय ट्रैक पर आयोजित साइक्लिंग चैंपियनशिप में भाग ले रहे खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि एशियन गेम्स के बाद दूसरी बार इस वेलोड्रम में राष्ट्रीय स्तर के खेलों का आयोजन होना उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि हल्द्वानी से मुनस्यारी तक पूर्व में संचालित साइक्लिंग गतिविधियों को पुनः प्रारंभ करने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में भी साइक्लिंग को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव मनिंदरपाल सिंह ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश की पहली साइक्लिंग एकेडमी रूद्रपुर में खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि खेल विभाग से इस संबंध में प्रस्ताव प्राप्त हुआ है और शीघ्र ही प्रदेश सरकार के सहयोग से यहां नेशनल साइक्लिंग एकेडमी की स्थापना की जाएगी। इस एकेडमी में 50 प्रतिशत अवसर उत्तराखंड के खिलाड़ियों को दिए जाएंगे, जबकि देशभर के खिलाड़ी भी यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
विशिष्ट अतिथि डॉ. केसी चंदौला ने कहा कि साइक्लिंग जैसे खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में सहायक होते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, सचिव दिवेश पांडे, ओलंपिक एसोसिएशन उत्तराखंड के महासचिव डी.के. सिंह, कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व खेल अधिकारी नागेंद्र शर्मा, युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




