उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में सोमवार को एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब सदन ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार विश्व कप जीतने पर औपचारिक रूप से बधाई दी. इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा देश की पहली संवैधानिक संस्था बन गई, जिसने महिला टीम के विश्व विजेता बनने पर आधिकारिक अभिनंदन किया.

Spread the love

राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष सत्र के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे. दोनों ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं और बधाई संदेश प्रेषित किए. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पूरे देश को गर्व का अवसर दिया है. यह जीत देश की बेटियों की मेहनत, आत्मविश्वास और जज्बे का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल खेल जगत बल्कि समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण का भी प्रतीक है.

राष्ट्रपति ने बताया प्रेरणास्रोत

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह जीत देश की सभी महिलाओं और युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दिखाती है कि यदि अवसर और समर्थन मिले तो भारतीय महिलाएं हर क्षेत्र में विश्व स्तर पर परचम लहरा सकती हैं.

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया गौरव का पल

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भी सदन की ओर से महिला टीम को बधाई दी और कहा कि यह गौरव का क्षण पूरे देश के लिए है. उन्होंने सदन में प्रस्ताव पारित कर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सम्मान में एक स्वर से शुभकामनाएं दीं.

बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ICC वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार ये ट्रॉफी जीती है. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल में मजबूत ऑस्ट्रेलिया को भी करारी हार दी थी.

इस ऐतिहासिक अवसर के साथ उत्तराखंड विधानसभा ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के खेल इतिहास में अपनी एक नई पहचान दर्ज की है.


Spread the love