अ मेरिका में कुख्यात गैंगस्टर हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस को दूसरी बड़ी कामयाबी मिली है. पंजाब पुलिस ने शनिवार को 13 लोगों की गिरफ्तारी के साथ आईएसआई समर्थित दो बड़े खालिस्तानी आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है.

ये विदेश से चलाए जा रहे थे. इसके साथ ही पुलिस ने दो रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड, दो हैंड ग्रेनेड, आईईडी और आरडीएक्स के भारी मात्रा में हथियार जब्त किए गए हैं.

शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/संपादक उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)संवाददाता

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पहला आतंकी मॉड्यूल फ्रांस स्थित सतनाम सिंह उर्फ सत्ता और दूसरा ग्रीस स्थित जसविंदर उर्फ मन्नू अगवान द्वारा संचालित किया जा रहा था. पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) द्वारा समर्थित इन मॉड्यूल को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) द्वारा विदेश से संचालित किया जा रहा था. इसे बड़ी सफलात माना जा रहा है.

डीजीपी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह पंजाब में शांति और स्थिरता को निशाना बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है. उन्होंने विवरण साझा करते हुए कहा कि पुलिस ने एक लांचर सहित दो रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी), दो आईईडी (2.5 किलोग्राम प्रत्येक), डेटोनेटर के साथ दो हथगोले, रिमोट कंट्रोल के साथ दो किलोग्राम आरडीएक्स, पांच पिस्तौल (बेरेटा और ग्लॉक), छह मैगजीन, 44 जिंदा कारतूस, एक वायरलेस सेट और तीन वाहन जब्त किए हैं.

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान जतिंदर उर्फ हनी, जगजीत उर्फ जग्गा (कपूरथला निवासी), हरप्रीत और जगरूप (होशियारपुर निवासी) के रूप में हुई है. डीजीपी ने कहा, उनका आतंकी मॉड्यूल सट्टा संचालित था. अमृतसर में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. दूसरे आतंकी मॉड्यूल के बारे में उन्होंने कहा कि नौ गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है. बटाला में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

बताते चलें कि दो दिन पहले ही आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर/आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया अमेरिका में पकड़ा गया है. पंजाब में कई बम धमाके और ग्रेनड हमले कराने के आरोपी हरप्रीत को एफबीआई ने अमेरिका के सैक्रामेंटो में पकड़ा है. उसको बहुत जल्द भारत लाया जाएगा. पंजाब पुलिस पहले ही हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को भारत लाने के लिए पत्र लिख चुकी है. उस पर एनआईए ने 5 लाख का इनाम घोषित कर रखा था.