किच्छा में एम्स परियोजना बनेगी विकास की नई पहचान: भरत चौधरी

Spread the love


किच्छा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी के पहली बार किच्छा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया। यह स्वागत कार्यक्रम पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आवास पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला किच्छा विधानसभा को अपने परिवार की तरह मानते हैं और हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वीकृत कराई गई विकास योजनाएं धरातल पर उतरने के बाद किच्छा के लिए मील का पत्थर साबित होंगी और क्षेत्र विकास के मामले में प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने वर्ष 2017 से 2022 के दौरान विधानसभा में राजेश शुक्ला की सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र के लिए सैकड़ों योजनाएं स्वीकृत हुईं, जिनका लाभ अब आम जनता को मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किच्छा में एम्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का स्वीकृत होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जिस दिन एम्स का संचालन शुरू होगा, उस दिन किच्छा के लोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेंगे और क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
वहीं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी सरकार की नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है और किच्छा तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, धीरेंद्र मिश्रा, मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी, पिंकी डिमरी, महामंत्री मुकेश कोली, जितेंद्र गौतम, बिजेंद्र यादव, टीकम सिंह कोरंगा, हारून मलिक, इफ्तिखार मियां, रेनू यादव, कविता मान, मधु गुप्ता, शैल शुक्ला, नीतू सिंह, वीरेंद्र यादव, कविता तिवारी, मोहन पांडे, बचूली देवी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love