

रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश की जूनियर सेपक टाकरा बालक वर्ग की टीम ने 29वीं राष्ट्रीय सेपक टाकरा चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 1 से 5 जनवरी 2026 तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर (पंजाब) में आयोजित हुई थी।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के जूनियर डबल इवेंट में उत्तराखंड की ओर से प्रतिभाग करने वाले मोहित उप्रेती, हिमांशु गढ़िया एवं सूरज ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद संगठन के पदाधिकारी, कोच एवं पदक विजेता खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी उधम सिंह नगर से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा ने सेपक टाकरा खेल के विकास हेतु जिले में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, ऐसे में यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मैदान और प्रशिक्षक उपलब्ध कराए जाएं तो भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी उधम सिंह नगर ने खिलाड़ियों की सफलता की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सेपक टाकरा खेल एवं खिलाड़ियों के लिए अधिक से अधिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा प्रशिक्षकों की नियुक्ति की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे उत्तराखंड में इस खेल को प्रोत्साहन मिल सके और युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।




