उत्तराखंड की आदर्श महिला उद्यमी: नीलम कांडपाल— श्रम, संस्कार और स्वावलंबन की प्रेरक गाथा।

Spread the love

उत्तराखंड की देवभूमि ने समय-समय पर ऐसे व्यक्तित्व गढ़े हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिश्रम, संकल्प और सामाजिक चेतना से न केवल स्वयं को स्थापित किया, बल्कि समाज के लिए भी नई राहें खोलीं। रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) की श्रीमती नीलम कांडपाल ऐसी ही एक असाधारण महिला हैं, जिनका नाम आज उत्तराखंड ही नहीं, उत्तर प्रदेश तक में सम्मान और विश्वास के साथ लिया जाता है। वे एक सफल उद्यमी, कुशल प्रबंधक, संवेदनशील समाजसेवी और सशक्त महिला नेतृत्व का जीवंत उदाहरण हैं।

आरसेटी का भ्रमण: सफलता का साक्ष्य

बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (RSETI), हल्द्वानी–नैनीताल द्वारा आयोजित “सफल उद्यम / कार्यशील इकाई का भ्रमण” प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत टेलर–वूमेन्स गारमेंट्स बैच संख्या 306 के प्रशिक्षुओं ने 13 जनवरी 2026 को रुद्रपुर स्थित “जय बालाजी स्टिचिंग” का भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य केवल मशीनें दिखाना नहीं था, बल्कि यह बताना था कि समर्पण, गुणवत्ता और नेतृत्व से कैसे एक इकाई क्षेत्रीय पहचान बन जाती है।

उद्यम की संचालिका श्रीमती नीलम कांडपाल ने प्रशिक्षुओं को उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, समयबद्ध डिलीवरी, ऑर्डर मैनेजमेंट और मानव संसाधन प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। यह भ्रमण महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना—जहाँ सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास और उद्यमी सोच को नई दिशा मिली।

जय बालाजी स्टिचिंग: गुणवत्ता की पहचान

जय बालाजी स्टिचिंग, रुद्रपुर आज एक ऐसी कार्यशील इकाई है, जहाँ स्कूल यूनिफॉर्म, बैग, जैकेट, फैशन गारमेंट्स और कस्टम ऑर्डर्स का उच्च स्तरीय उत्पादन होता है। यहाँ की सिलाई, फिनिशिंग और डिजाइनिंग बड़े ब्रांड्स को भी चुनौती देती है। ग्राहकों की मनपसंद डिज़ाइन को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करना—यही इस इकाई की सबसे बड़ी उपलब्धियां हैं।

नीलम कांडपाल

उद्यमियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय नीलम कांडपाल केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक–आध्यात्मिक चेतना की सशक्त पहचान बन चुकी हैं। वे उन विरल महिलाओं में हैं, जिन्होंने आर्थिक स्वावलंबन, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक पुनर्जागरण—तीनों मोर्चों पर समान दृढ़ता से कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्शों—नारी सशक्तिकरण, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र प्रथम—से प्रेरित होकर नीलम कांडपाल ने समाज सेवा को केवल दान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे चेतना का आंदोलन बनाया।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में जब न्याय की आवाज़ दबाने का प्रयास हुआ, तब नीलम कांड ने निर्भीक होकर सीबीआई जांच की मांग उठाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सम्मान पर आघात के विरुद्ध चुप्पी भी अपराध है। यही साहस उन्हें एक आदर्श महिला के रूप में स्थापित करता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी महिलाओं के प्रतिनिधित्व को सशक्त बनाती है। लोककला, आध्यात्मिक आयोजनों और सामाजिक अभियानों के माध्यम से वे अपनी जड़ों से जुड़ाव का संदेश देती हैं। सहज, सजग और संवेदनशील व्यक्तित्व के साथ नीलम कांडपाल आधुनिकता और परंपरा के संतुलन का जीवंत उदाहरण हैं—जहां संस्कृति भी सुरक्षित है और समाज भी


Spread the love