सिटी क्लब चुनाव: ठुकराल और बांगा को बड़ी जीत, अरोड़ा और विजय अग्रवाल पराजित

Spread the love

रुद्रपुर, 22 जून 2025 | सिटी क्लब रुद्रपुर के सदस्य पद हेतु हुए बहुप्रतीक्षित चुनाव में संजय ठुकराल (388 वोट) और पंकज बांगा (365 वोट) ने शानदार बढ़त के साथ जीत दर्ज की। कुल 8 सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव में 10 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से ठुकराल, बांगा, राजेश घीक (343), मनीष गगनेजा (340), सुरेश ढींगरा (301), नरेंद्र बंसल (300), सुखदेव सिंह भल्ला (291) एवं अनुज कुमार अग्रवाल (270) विजयी घोषित किए गए।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट

वहीं, विजय कुमार अग्रवाल (223 वोट) और केवल कृष्ण अरोड़ा (210 वोट) को हार का सामना करना पड़ा।

चुनाव प्रक्रिया रही शांतिपूर्ण और पारदर्शी,546 पंजीकृत मतदाताओं में से 444 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें से 12 मतों को अवैध घोषित किया गया। सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चला और 5 बजे से मतगणना प्रक्रिया प्रारंभ हुई जो दो घंटे में संपन्न हुई।

मुख्य चुनाव अधिकारी बरीत सिंह और सहायक अधिकारियों अमित गंभीर, सीए अशोक सिंघल, प्रदीप बंसल, अजय अग्रवाल की निगरानी में चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया।

चुनाव बना शहर की चर्चा का केंद्र,इस चुनाव को लेकर पूरे रुद्रपुर शहर में उत्साह का माहौल रहा। मतदाताओं की लंबी कतारों और प्रत्याशियों की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक जीवंत लोकतांत्रिक पर्व में बदल दिया।

चुनाव स्थल पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी हरीश जल्होत्र, युवा उद्यमी विशाल भुड्डी, आकाश कटारिया, सौरभ घीक सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह दर्शाता है कि सिटी क्लब रुद्रपुर के सामाजिक-राजनीतिक जीवन में कितना महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

23 जून को होंगे पदाधिकारी पदों के चुनाव,अब सबकी निगाहें 23 जून को होने वाले उपाध्यक्ष, सचिव, उप सचिव एवं कोषाध्यक्ष पदों के चुनाव पर टिकी हैं। निर्वाचित 8 सदस्यों में से कौन नेतृत्व की बागडोर संभालेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

संपादकीय ,इस बार सिटी क्लब चुनाव न केवल निष्पक्षता और पारदर्शिता का प्रतीक बना, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि स्थानीय संस्थाएं भी लोकतंत्र की जड़ें गहराने में अहम भूमिका निभाती हैं। विजयी प्रत्याशियों से अब यह अपेक्षा की जा रही है कि वे क्लब के विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

विधायक शिव अरोड़ा: सिटी क्लब चुनाव विजेताओं को दी शुभकामनाएं,

लोकतंत्र की मर्यादा का दिया संदेश,रुद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा ने सिटी क्लब चुनाव के सफल आयोजन और निष्पक्ष परिणामों का स्वागत करते हुए सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उनका चुनाव पश्चात क्लब में पहुंचकर विजेताओं से मिलना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी निष्ठा को दर्शाता है। शिव अरोड़ा ने अपने संदेश में कहा कि सिटी क्लब जैसी संस्थाएं सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गतिविधियों और बौद्धिक विकास का केंद्र होती हैं और इन्हें राजनीति से ऊपर उठकर सुचारू रूप से संचालित किया जाना चाहिए।

सिटी क्लब में ठुकराल बंधुओं की विजयः एक नई उम्मीद?

सिटी क्लब चुनाव में संजय ठुकराल की विजय ने न सिर्फ सदस्यों में उत्साह भरा, बल्कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के राजनीतिक अनुभव और जनविश्वास की गूंज भी फिर से सुनाई दी। संजय ठुकराल की जीत पर जहां क्लब सदस्यों ने खुशी जताई, वहीं राजकुमार ठुकराल ने सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इसे जनसेवा की जीत बताया।

ठुकराल बंधु अब क्लब के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित हैं। क्लब की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने, युवाओं के लिए खेल-संस्कृति को बढ़ावा देने और सामाजिक समरसता कायम रखने का संकल्प इस नेतृत्व की पहली प्राथमिकता है। राजकुमार ठुकराल का अनुभव और संजय ठुकराल की ऊर्जा मिलकर सिटी क्लब को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी – ऐसी उम्मीद हर सदस्य के दिल में है। यह जीत केवल एक पद की नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और संवाद की भावना की जीत है।


Spread the love