

रुद्रपुर। आस्था, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब पूर्व विधायक Rajkumar Thukral ने काशीपुर रोड पर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल आ रहे कांवड़ियों का हृदय से स्वागत किया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वातावरण पूरी तरह “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कांवड़ियों के चरण स्पर्श कर उनका अभिनंदन किया और उन्हें जल, फल व प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और तप का मार्ग है। हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान शिव का अभिषेक करना श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक साधना के समान है।
काशीपुर रोड पर जगह-जगह लगे भंडारों में भी उन्होंने पहुंचकर लंगर सेवा की। कांवड़ियों को अपने हाथों से प्रसाद वितरित करते हुए उन्होंने शिवभक्ति और सेवा भावना का संदेश दिया। इस दौरान संजय ठुकराल, आनंद शर्मा, ललित बिष्ट, गेरू मंडल, सुखवंत सिंह, आकाश बाटला, अंकित बाटला, मनोज शर्मा, विप्लव विश्वास और परितोष मंडल सहित अनेक शिवभक्त उपस्थित रहे।
पूरे मार्ग पर केसरिया वस्त्रों में सजे श्रद्धालु, डीजे पर बजते शिव भजन और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की सेवा के समान है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न समुदायों के लोगों ने मिलकर कांवड़ियों की सेवा की और जलपान की व्यवस्था की।
अंत में पूर्व विधायक ने सभी प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और उत्तराखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दें।
“हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ यह सेवा कार्यक्रम श्रद्धा और समर्पण का एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।





