गौ सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा : कैबिनेट मंत्री रेखा आर्यहजारों युवाओं की उपस्थिति में रुद्रपुर में संपन्न हुआ गौ रक्षा दल का महासम्मेलन व महायज्ञ

Spread the love

रुद्रपुर, 7 दिसंबर।कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने रविवार को रुद्रपुर में आयोजित गौ सेवा रक्षक संगठन के महासम्मेलन एवं महायज्ञ का शुभारंभ करते हुए कहा कि गौ सेवा ही मानवता और राष्ट्र की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन शैली में गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सदियों से अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला रही है। आज भी प्रदेश में लाखों महिलाएं ऐसी हैं, जिनकी आजीविका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से गाय पर आधारित है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा गौभक्ति और राष्ट्रभक्ति को सर्वोपरि रखा है और सरकार की विकास नीतियां भी इसी दृष्टिकोण के साथ तैयार की गई हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर विशेष प्रयास कर रही है। “अर्थ और धर्म दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं और भाजपा इन्हें संतुलित रूप से साथ लेकर चलती है,” उन्होंने कहा।

मंत्री ने दोहराया कि गौ सेवा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्व भी है। भारत में गाय सदैव परिवारों की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार रही है और भविष्य में भी इसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोड़ा, उत्तराखंड आयुष मेडिकल कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. के.सी. चंदोला, बाल आयोग के सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक दीपक गुलाटी, पूर्व मेयर राम पाल सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, गौरक्षा दल के जिलाध्यक्ष विराट आर्य, पंडित प्रभात आर्य, पंकज बांगा, दूधिया मंदिर के महंत शिवानंद महाराज, राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, मानस जायसवाल सहित हजारों की संख्या में युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महासम्मेलन के साथ आयोजित महायज्ञ में गौ माता की रक्षा, समाज कल्याण और राष्ट्र समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं।


Spread the love