कुमाऊँ मंडल की ANM कर्मचारियों की पदोन्नति पर संकट, छह माह से इंतजार में अटकी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक की ट्रेनिंग

Spread the love

रुद्रपुर, 4 जुलाई।उत्तराखंड सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में एएनएम (सहायक नर्स दाई) कर्मियों को स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया में भारी भेदभाव का आरोप लगाते हुए कुमाऊँ मंडल की एएनएम संघ की पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में कहा है कि गढ़वाल मंडल की एएनएम को जहां प्रशिक्षण हेतु बुला लिया गया है, वहीं कुमाऊँ मंडल की किसी भी एएनएम की पदोन्नति अब तक नहीं की गई है। इससे क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं बेहद निराश और आक्रोशित हैं।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट

एएनएम संघ, जिला उधम सिंह नगर की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया कि 22 मई 2024 को स्वास्थ्य सचिव, उत्तराखंड के आदेश के अनुसार एएनएम कर्मियों को स्वास्थ्य पर्यवेक्षक पद पर पदोन्नति के लिए 6 माह के प्रशिक्षण हेतु सहमति मांगी गई थी। कुमाऊँ मंडल की सभी एएनएम ने प्रशिक्षण में जाने की सहमति लिखित रूप में दी थी। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग ने केवल गढ़वाल मंडल की 30 एएनएम को ही प्रशिक्षण के लिए बुलाया और कुमाऊँ मंडल की किसी एएनएम को अब तक मौका नहीं दिया गया।

पत्र में कहा गया कि फरवरी 2025 से अब तक छह माह गुजर जाने के बावजूद कुमाऊँ मंडल की कोई भी एएनएम न तो प्रशिक्षण के लिए भेजी गई और न ही उनकी पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हुई। इससे सभी पात्र एएनएम छह माह तक पदोन्नति की प्रतीक्षा में पिछड़ गईं और जूनियर कर्मियों से भी कनिष्ठ हो गई हैं। इससे कर्मियों में गहरा असंतोष और निराशा व्याप्त है।

एएनएम संघ की श्रीमति दीपा जोशी समेत अन्य सदस्यों ने 26 जून 2025 को स्वास्थ्य महानिदेशक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर यह मामला उठाया और मांग की कि गढ़वाल मंडल की तर्ज पर ही कुमाऊँ मंडल की एएनएम को भी हल्द्वानी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण कराया जाए, ताकि उनकी पदोन्नति सुनिश्चित हो सके।

संघ ने सरकार से की न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग

एएनएम संघ ने सरकार से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द स्वास्थ्य महानिदेशक को निर्देश दिए जाएं कि कुमाऊँ मंडल की एएनएम के लिए भी प्रशिक्षण शुरू किया जाए। संघ का कहना है कि यह न सिर्फ कर्मचारी हित का मामला है बल्कि महिलाओं के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती से भी जुड़ा मुद्दा है।

सरकार की ओर से अब तक इस मामले पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है। एएनएम संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

संघ की मांगें इस प्रकार हैं:

  • गढ़वाल मंडल की तर्ज पर कुमाऊँ मंडल की एएनएम का भी चयन कर पदोन्नति हेतु प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाए।
  • हल्द्वानी स्थित कुमाऊँ मंडल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए।
  • पिछले छह माह के इंतजार की वजह से कनिष्ठ हो गई एएनएम कर्मियों को वरीयता में उचित स्थान दिया जाए।

सरकार को चाहिए कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय करे, ताकि कुमाऊँ मंडल की सैकड़ों एएनएम का भविष्य अंधकार में न जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में भी कोई बाधा न आए।



Spread the love