सुशासन सप्ताह की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर?मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता

Spread the love


रूद्रपुर, 24 दिसम्बर 2025।मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में डाॅ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कलेक्ट्रेट सभागार में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सुशासन सप्ताह समारोह, आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकास खंड कार्यक्रम, 20 सूत्री कार्यक्रम तथा पीएम एक्सीलेंस अवार्ड से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, समयबद्धता और जनसहभागिता ही सुशासन की मूल पहचान है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित संकेतांकों और 20 सूत्री कार्यक्रम के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर जिले के समग्र विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग सुशासन के सिद्धांतों को अपनाते हुए गुणवत्ता, जवाबदेही और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को समय पर और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यशाला में जनपद की गुड गवर्नेंस प्रैक्टिसेज एवं इनिशिएटिव्स पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस क्रम में नगर आयुक्त नगर निगम रूद्रपुर शिप्रा जोशी ने नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण व्यवस्था पर आधारित पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, स्रोत पर कूड़े के पृथक्करण, ट्रांसफर स्टेशन की व्यवस्था, स्वच्छता कर्मियों की तैनाती, शिकायत निवारण प्रणाली और नगर निगम द्वारा किए जा रहे नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावी कचरा प्रबंधन से शहर की स्वच्छता में निरंतर सुधार हो रहा है और नागरिकों की सहभागिता से व्यवस्था और अधिक मजबूत बन रही है।
कार्यशाला में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. के.के. अग्रवाल, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जीमल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आशुतोष जोशी, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी वी.के. सिंह यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम सुनील जोशी, लघु सिंचाई विभाग के सुशील कुमार, लीड बैंक अधिकारी चिराग पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love