डा. केसी चंदौला ने किया रूद्रपुर–हल्द्वानी साइकिल रैली का शुभारंभ

Spread the love

रूद्रपुर। साइकिल चलाने के महत्व को बढ़ावा देने और आमजन में स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड साइकिल युवा संघ की ओर से रूद्रपुर से हल्द्वानी तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ उत्तराखण्ड आयुष परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. केसी चंदौला ने रूद्रपुर स्थित स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

इस अवसर पर डॉ. केसी चंदौला ने रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल खेल या व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य सुधार, पर्यावरण संरक्षण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से इस जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

रैली में कुल 85 युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. केसी चंदौला का स्वागत एवं सम्मान किया गया। रैली के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि साइकिलिंग से प्रदूषण में कमी आती है और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का मजबूत संदेश है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता साइकिल फेडरेशन ऑफ उत्तराखण्ड के चेयरमैन एवं ऑल इंडिया साइकिल फेडरेशन के वाइस चेयरमैन विमल चौधरी ने की। इस अवसर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेन्द्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं ललित दुम्का, हरेन्द्र बिष्ट, सागर तिवारी, कमलेन्द्र सेमवाल सहित कई खेल एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

साइकिल रैली ने युवाओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी साइकिल चलाने और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने के लिए प्रेरित किया।


Spread the love