Gairsain Budget Session 2026: उत्तराखंड में 9 मार्च से शुरू होने जा रहा विधानसभा का बजट सत्र इस बार काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सरकार को सदन के भीतर और बाहर घेरने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है।

Spread the love

जनहित के मुद्दों को ढाल बनाकर कांग्रेस इस बार आर-पार के मूड में नजर आ रही है। वहीं, बजट सत्र में विपक्ष से ज्यादा सवाल सत्ता पक्ष के विधायकों की ओर से पूछे जाएंगे। प्रश्नकाल के लिए तैयार सवालों की सूची में कांग्रेस से ज्यादा संख्या भाजपा के विधायकों की है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)

विपक्ष ने सरकार के खिलाफ एक व्यापक चार्जशीट तैयार की है, जिसमें पिछले कुछ समय के प्रमुख घटनाक्रमों और सरकार की विफलताओं को सूचीबद्ध किया गया है। कांग्रेस का मुख्य फोकस बढ़ती महंगाई के चलते रसोई गैस से लेकर खाद्य पदार्थों की आसमान छूती कीमतें रहेंगी। इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगार के घटते अवसर, विभिन्न सरकारी भर्तियों में सामने आई अनियमितताएं और धांधली जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।

कांग्रेस की भर्ती घोटाले समेत कई विषयों पर चर्चा की मांग

कांग्रेस ने सदन में नियम 58 और नियम 310 के तहत महत्वपूर्ण विषयों पर तत्काल चर्चा की मांग उठाने की रणनीति बनाई है। रणनीति पर चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा आज भर्ती घोटालों से निराश है और आम आदमी महंगाई से त्रस्त है। हमने सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार की है और हम नियम 310 के तहत गंभीर मुद्दों पर जवाब मांगेंगे। जनहित के सवालों पर सरकार को भागने नहीं दिया जाएगा।

विपक्ष से ज्यादा सत्ता पक्ष के विधायकों के सवाल

गैरसैंण में शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र में विपक्ष से ज्यादा सवाल सत्ता पक्ष के विधायकों की ओर से पूछे जाएंगे। प्रश्नकाल के लिए तैयार सवालों की सूची में कांग्रेस से ज्यादा संख्या भाजपा के विधायकों की है। विधानसभा का सत्र नौ मार्च से शुरू होने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार विधानसभा सत्र के लिए कांग्रेस के अभी तक कुल 16 विधायकों के प्रश्न मिले हैं। जबकि यदि भाजपा के 19 विधायकों की ओर से सवाल लगाए गए हैं। दो निर्दलीय विधायकों ने भी सवालों की सूची भेजी है।

एजेंडा 8 को तय होगा

नौ मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र के लिए कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आठ मार्च को गैरसैंण विधानसभा भवन में आयोजित होगी। उसी दिन बजट सत्र का एजेंडा भी तय होगा। हालांकि विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी विधायकों को भेजे गए पत्र के अनुसार सरकार बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल अभिभाषण के बाद सदन में बजट पेश कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह राज्य के इतिहास में दूसरी बार होगा। इससे पहले मार्च 2022 में भी सरकार ने राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही लेखानुदान भी पेश किया था।

हंगामे के बजाय चर्चा की तैयारी करे विपक्ष : भट्ट

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने चार सालों तक सदन में सिर्फ हंगामा किया और यदि विपक्ष का यही रुख रहा तो 2027 के चुनावों में उसका स्कोर शून्य होना तय है। शनिवार को मीडिया को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष गैरसैंण सत्र को लेकर बहानेबाजी कर रहा है और उसे जन मुद्दों की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने अपील की कि विपक्ष आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सदन में सार्थक चर्चा में भाग ले और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए। भट्ट ने सत्र को कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी को तथ्यहीन ओर बेबुनियाद बताया।

विधानमंडल दल की बैठक में मुद्दों को अंतिम रूप देंगे

गैरसैंण में 8 मार्च को कार्य मंत्रणा समिति की बैठक से पूर्व विपक्ष विधानमंडल दल की बैठक आयोजित कर सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों को अंतिम रूप देगा। दूसरी ओर विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सरकार ने बजट सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने से परहेज किया, तो बजट सत्र के पहले ही दिन सदन में भारी हंगामा देखने को मिल सकता है।


Spread the love