

देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज पार्टी मुख्यालय में राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। यह क्षण न सिर्फ औपचारिकता से परे, बल्कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन की विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक भी बन गया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान जब धीरेंद्र प्रताप, अध्यक्ष पद ग्रहण के उपलक्ष्य में गणेश गोदियाल को पुष्पगुच्छ भेंट करने पहुंचे, तो गोदियाल ने विनम्रता के साथ कहा — “उत्तराखंड आज आंदोलनकारियों की बदौलत है, इसलिए सम्मान का हक आंदोलनकारियों को है।”
इसके बाद उन्होंने तुरंत माला मंगवाकर स्वयं धीरेंद्र प्रताप का सम्मान किया तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनके योगदान की खुले दिल से सराहना की।
इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप ने गणेश गोदियाल को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं और अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वह संगठन को मजबूत करने के हर प्रयास में दृढ़ संकल्प के साथ साथ रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद धीरेंद्र प्रताप ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से भी भेंट की। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए पुष्प भेंट किए और पार्टी के भविष्य तथा सामाजिक प्रतिबद्धता पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई।
कांग्रेस संगठन में यह सम्मानपूर्ण संवाद यह संदेश देता है कि राज्य आंदोलन के मूल मूल्य, संघर्ष और बलिदान को कांग्रेस नेतृत्व आगे भी प्राथमिकता देता रहेगा।




