
रुद्रपुर। विकास खंड रुद्रपुर का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय सिंह और कनिष्ठ उप प्रमुख भारती देवी सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। समारोह में क्षेत्र की जनता, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर (उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी)


कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट द्वारा ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम को शपथ दिलाने से हुआ। इसके उपरांत उप प्रमुखों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सामूहिक रूप से शपथ ली।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि यह लोकतंत्र का पर्व है और जनभागीदारी ही इसकी असली शक्ति है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि रुद्रपुर के लिए यह दिन नई शुरुआत लेकर आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव निर्वाचित प्रतिनिधि विकास की रफ्तार को ग्राम स्तर तक पहुंचाएंगे।
अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने जनता और सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और सभी निर्वाचित सदस्य मिलकर विकास को प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी आशीत आनंद, सहायक खंड विकास अधिकारी डी.के. पंत, नगर पालिकाध्यक्ष सचिन शुक्ला, भाजपा के विभिन्न मंडल अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण उत्सवमय और जोशपूर्ण बना रहा।

