
रुद्रपुर, उत्तराखंड में इस वर्ष सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ऊधमसिंह नगर पूरी तरह सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के आधार पर मानसून 2025 के दौरान जिले में आपदा जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इस संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 51 से 60 के तहत कड़ा आदेश जारी किया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक, मुख्यालय छोड़ने पर पाबंदी
जारी आदेश में जिले के समस्त विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में अगले आदेश तक डटे रहें। किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तत्पर रहें और राहत-बचाव कार्यों में सहयोग करें। अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी/कर्मी की छुट्टियां स्वीकृत नहीं की जाएंगी। बिना जिलाधिकारी की अनुमति कोई अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।
फोन स्विच ऑफ पाए जाने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को आदेश दिया है कि आपदा की संवेदनशीलता को देखते हुए अपने मोबाइल फोन हर समय चालू अवस्था में रखें। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आदेशित किया है कि संभावित बाढ़, जलभराव, भूस्खलन या अन्य आपदाओं की स्थिति में सूचना तंत्र, राहत सामग्री, बचाव उपकरण और संसाधनों की पहले से व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।
DDMA कार्यालय से जारी आदेश की मुख्य बातें:
- आपदा की स्थिति में त्वरित सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु सभी कर्मचारी तैनाती क्षेत्र में बने रहेंगे।
- फोन हमेशा ऑन रखना अनिवार्य।
- अवकाश केवल अपरिहार्य स्थिति में ही स्वीकृत किया जाएगा।
- मुख्यालय बिना अनुमति छोड़ना वर्जित।
- आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
प्रमुख प्रतिलिपि प्राप्तकर्ताओं में शामिल:
- सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग, उत्तराखण्ड शासन
- आयुक्त, कुमाऊं मंडल
- मुख्य विकास अधिकारी, ऊधमसिंह नगर
- समस्त विभागाध्यक्ष व कार्यालयाध्यक्ष
- समस्त आई.आर.एस. प्रणाली में नामित नोडल अधिकारी
आपातकालीन सम्पर्क:
- कार्यालय जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर
- टोल फ्री नंबर: 1077
- दूरभाष: 05944-250250 / 250719
- ईमेल: ddmausn@gmail.com
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट पर ध्यान दें, जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचित करें।
“हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स” और “शैल ग्लोबल टाइम्स” के विशेष संवाददाता अवतार सिंह बिष्ट

