

खटीमा नगर में उत्तराखण्ड क्रांति दल (यूकेडी) की राजनीति को नया आयाम देते हुए पंकज सिंह को शहर अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मल्यापर्ण कर किए गए इस सम्मान समारोह ने न केवल युवा नेतृत्व को स्वीकार्यता दी बल्कि यह संदेश भी दिया कि यूकेडी आने वाले समय में अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में गंभीर है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
पंकज सिंह, जिन्हें यूकेडी का तेजतर्रार युवा चेहरा माना जाता है, के स्वागत में केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल, जिला अध्यक्ष राम सिंह धामी, आनंद असगोला, शिव शंकर भाटिया, विनोद राजपूत, कैलाश भट्ट, महेश कुमार शर्मा, संतोष मल्होत्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह उपस्थिति इस बात की तस्दीक करती है कि यूकेडी अपने भविष्य की रणनीति में युवाओं की भूमिका को अहम मान रही है।
आज जब मुख्यधारा की राजनीति में क्षेत्रीय मुद्दे अक्सर हाशिये पर चले जाते हैं, ऐसे में यूकेडी जैसे दलों के लिए मजबूत संगठन और नए नेतृत्व का उदय बेहद आवश्यक है। पंकज सिंह की ताजपोशी को कार्यकर्ताओं ने उम्मीद की नई किरण के रूप में देखा है। यदि यह युवा नेतृत्व जनसरोकारों से जुड़कर काम करता है, तो खटीमा से लेकर पूरे कुमाऊँ तक यूकेडी की जड़ों को गहराई मिल सकती है।
राजनीति में स्वागत और सम्मान तो अक्सर होते रहते हैं, किंतु वास्तविक परीक्षा जनता के बीच सेवा और संघर्ष से ही होती है। अब देखना होगा कि पंकज सिंह अपनी जिम्मेदारी को किस तरह मूर्त रूप देते हैं और किस हद तक संगठन को सशक्त बनाते हैं।




