

रुद्रपुर। 10 जनवरी 2026 की रात्रि को जनपद उधम सिंह नगर के थाना आईटीआई क्षेत्र निवासी सुखवंत सिंह द्वारा अपनी पत्नी एवं पुत्र के साथ जनपद नैनीताल के थाना काठगोदाम क्षेत्र स्थित एक होटल में प्रवास के दौरान की गई आत्महत्या के मामले में उत्तराखंड शासन ने गंभीर संज्ञान लिया है।
घटना से पूर्व सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में मृतक द्वारा कुछ व्यक्तियों के साथ-साथ जनपद उधम सिंह नगर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए शासन ने इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच के लिए आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को जांच अधिकारी नामित किया है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने सर्वसाधारण से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई तथ्य, साक्ष्य अथवा बयान उपलब्ध है, तो वह एक सप्ताह के भीतर अपने साक्ष्यों सहित कार्यालय आयुक्त कुमाऊं मंडल, नैनीताल अथवा कैम्प कार्यालय खाम बंगला, हल्द्वानी में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकता है।
बयान दर्ज कराने का समय कार्यालय कार्य अवधि के दौरान पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शासन के इस निर्णय को प्रकरण की पारदर्शी जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, यह मामला प्रदेश में पुलिस कार्यप्रणाली, सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों और आम नागरिक की न्याय तक पहुंच से जुड़े सवालों को भी उजागर कर रहा है।




