

दिनेशपुर (उद्यम सिंह नगर)। क्षेत्र में बीती रात रसूख के नशे में चूर दबंगों द्वारा तांडव मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गदरपुर के एक कद्दावर जनप्रतिनिधि के पुत्र ने अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर दिनेशपुर निवासी एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना धौलपुर स्थित एक प्रतिष्ठित होटल के पास की बताई जा रही है। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर गदरपुर के जनप्रतिनिधि के पुत्र और दिनेशपुर के निकटवर्ती ग्राम निवासी युवक के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि जनप्रतिनिधि के पुत्र ने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया और युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। हालांकि, कथित तौर पर रसूखदारों का नाम सामने आने के कारण मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दिनेशपुर पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। इधर, घायल युवक का इलाज हल्द्वानी में जारी है और डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है। अब देखना होगा कि रसूख और दबाव के बीच पुलिस दोषियों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है।




