
पुलिस की जांच के अनुसार सभी पाकिस्तानी महिलाओं ने यहां आकर शादी की है। उनके बच्चों के भी बच्चे हैं। सभी 22 महिलाओं के 95 बच्चे हैं। एक महिला पर सबसे अधिक नौ बच्चे हैं। इन बच्चों में भी कई की शादी हो चुकी है। उनके भी बच्चे हैं। इन सबके परिवार में करीब 500 से अधिक सदस्य हैं। कई की पाकिस्तान में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से बात होती रही है। पुलिस इनके बारे में जानकारी जुटा रही है।


22 पाकिस्तानी महिलाओं ने मुरादाबाद में की शादी
भले ही देश का बंटवारा होने के बाद भारत और पाकिस्तान दो देश बन गए हों, लेकिन दोनों देशों के लोगों के बीच नजदीकी लगातार बनी रही। नजदीकी यहां तक हो गई कि लोगों ने शादियां तक की। मुरादाबाद जिले के 22 लोगों की पत्नियां पाकिस्तानी हैं। शादी होने के बाद पाकिस्तान की 22 महिलाएं मुरादाबाद में आकर अपने पति के साथ रहने लगीं।
समय बढ़ने के दौरान सभी 22 महिलाओं के करीब 95 बच्चे हो गए। इसमें मुगलपुरा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के सबसे अधिक नौ बच्चे हैं। करीब 35 प्रतिशत महिलाएं ऐसी हैं, जो अब दादी बन चुकी हैं। उनके पोते-पोती भी बालिग हो गए हैं। समय के साथ परिवारों की संख्या जिले में बढ़कर करीब 500 हो गई।
पुलिस इनका पूरा डाटा खंगालने में जुटी
इनमें दो महिलाएं करीब चार साल पहले शादी करके मुरादाबाद आई हैं। अब पहलगाम में हुए आतंकी घटना के बाद पुलिस ने इनका डाटा जुटाया तो यह जानकारी पुलिस को हुई। अब पुलिस इन सभी परिवारों की पूरी कुंडली खंगालने में जुट गई है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पाकिस्तानी महिलाओं के 95 बच्चे इस समय क्या कर रहे हैं। पाकिस्तान में इनकी रिश्तेदारी कहां पर है, यह भी जानकारी पुलिस जुटा रही है। हालांकि जिले में पाकिस्तान के 24 लोग हैं। इसमें दो पुरुष हैं। 22 दीर्घकालिक वीजा पर, जबकि दो महिलाएं अल्पकालिक वीजा पर हैं। इन दोनों महिलाओं ने दीर्घकालिक वीजा के लिए आवेदन कर रखा है।
सभी के बन गए आधार और राशन कार्ड
पाकिस्तान से मुरादाबाद आकर शादी करने वाली सभी 22 महिलाओं के राशन और आधार कार्ड बन गए हैं। यह सरकार से मिलने वाला राशन भी ले रही हैं। हालांकि अब तक भी यह दीर्घकालिक वीजा पर हैं और अभी तक इन्हें भारत देश की नागरिकता नहीं मिली है। हालांकि इन्होंने नागरिकता के लिए आवेदन दे रखा है।
बच्चे हो गए हिन्दुस्तानी, मां अब भी पाकिस्तानी
पाकिस्तान से आकर मुरादाबाद में शादी करने वाली महिलाएं आज भी पाकिस्तानी हैं, लेकिन इनके बच्चों की नागरिकता भारत की है। ऐसे में बच्चे अब भारत की नागरिकता के साथ रह रहे हैं, इनकी मां अब भी पाकिस्तान की नागरिकता के साथ यहां पर रह रही है।
पाकिस्तान से यहां पर आकर शादी करने वाली सभी परिवारों की जानकारी जुटाई जा रही है। 22 महिलाओं के करीब 95 बच्चे हैं। इन 95 में से अधिकांश की शादी हो चुकी है। सभी महिलाओं का राशन और आधार कार्ड बना हुआ है।
-कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी
