मा र्च में अमेरिका की खुफिया एजेंसी की प्रमुख तुलसी गबार्ड ने देश की खुफिया एजेंसियों के हवाले से अमेरिकी संसद में कहा था कि ईरान परमाणु बम नहीं बना रहा है. इसके बाद जब मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से गबार्ड के इस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि ‘उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि गबार्ड क्या कहती हैं, सच बात ये है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने के बहुत करीब पहुंच गया है.’

गुरुवार रात इजरायल ने ईरान पर जो हमला किया, उसके पीछे सबसे बड़ी वजह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बताया जा रहा है. इजरायल का कहना है कि ईरान परमाणु बम बनाने लायक यूरेनियम संवर्धित कर चुका है और वो जल्द ही परमाणु बम बना लेगा. लेकिन ईरान इजरायल के इस दावे को हमेशा खारिज करता रहा है. ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम नागरिक उद्देश्यों के लिए है.

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट

ईरान अमेरिका के साथ एक परमाणु समझौता वार्ता भी कर रहा था जिसमें उससे मांग की जा रही थी कि वो अपना यूरेनियम संवर्धन छोड़ दे और संवर्धित यूरेनियम को नष्ट करने दे. ईरान ने इससे साफ इनकार कर दिया था जिससे वार्ता कमजोर पड़ी और फिर इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया था.

लेकिन इन सबके बीच जो सबसे बड़ा सवाल सामने है वो ये कि क्या सच में ईरान परमाणु बम बनाने के करीब पहुंच गया था या फिर ये बस अमेरिका की कोरी कल्पना है जिसका तर्क देकर उसने इराक पर हमला कर उसे तबाह कर दिया था.

अमेरिका का कहना था कि तत्कालीन सद्दाम हुसैन की सरकार ने खतरनाक रासायनिक और जैविक हथियारों का जखीरा जमा कर लिया है और फिर इराक पर हमला कर दिया गया. हालांकि, इराक में रासायनिक हथियार का कोई सबूत नहीं मिला था.

पहले तुलसी गबार्ड और अब IAEA के प्रमुख ने नकारी परमाणु हथियार की थ्योरी

25 मार्च को ट्रंप की राष्ट्रीय खफिया डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने संसद में बताया कि ईरान परमाणु बम बनाने की तरफ नहीं बढ़ रहा है.

अमेरिका की खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘खुफिया समुदाय का यह आकलन जारी है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना रहा है और सर्वोच्च नेता खामेनेई ने परमाणु हथियार कार्यक्रम को अधिकृत नहीं किया है जिसे उन्होंने 2003 में निलंबित कर दिया था.’

ईरान के परमाणु बम को लेकर अमेरिका और इजरायल की थ्योरी को परमाणु ऊर्जा के लिए काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय एजेंसी इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने भी नकार दिया है. उन्होंने कहा है कि एजेंसी के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे पता चले कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है.

1996 से नेतन्याहू कह रहे कि तीन महीनों में परमाणु बम बना लेगा ईरान

ईरान पर हमले के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो सामने आया है जिसमें दिखाया गया है कि कैसे वो 1996 से कहते आ रहे हैं कि ईरान परमाणु बम बनाने के करीब पहुंच गया है.

सीएनएन की तरफ से जारी वीडियो में 1996 में नेतन्याहू कहते दिख रहे हैं, ‘ईरान अपने लक्ष्य (परमाणु हथियार बनाने) के बहुत करीब पहुंच गया है.’

सितंबर 2012 के एक वीडियो में वो कह रहे हैं कि ईरान अगले बंसत तक संवर्धन पूरा कर लेगा. उसके बाद कुछ ही महीनों, या फिर कुछ ही हफ्तों में उसे परमाणु हथियार मिल जाएगा.

मार्च 2015 के एक वीडियो क्लिप में नेतन्याहू कह रहे हैं कि कुछ ही हफ्तों के अंदर ईरान इतना यूरेनियम संवर्धित कर लेगा जिससे कि परमाणु बम बनाया जा सके. उसी साल अक्टूबर में नेतन्याहू ने फिर दोहराया था कि ईरान परमाणु बम बनाने के हफ्ते भर दूरी पर है.

Advertisement