ननकाना साहिब बड़े गुरुद्वारे पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन संगत का किया स्वागत

Spread the love


काशीपुर, 09 सितंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को ननकाना साहिब बड़े गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर द्वारा आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस की नगर कीर्तन यात्रा में शामिल संगत का देवभूमि की जनता की ओर से स्वागत-अभिनंदन किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम से आरंभ हुई यह 2500 किलोमीटर लंबी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, एकता और गुरु साहिब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का पवित्र अभियान है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने धर्म, संस्कृति और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना शीश तक न्योछावर कर दिया, इसलिए उन्हें “हिंद दी चादर” कहा जाता है।

धामी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की कई ऐतिहासिक मांगें पूरी हुई हैं। उन्होंने हेमकुंड साहिब रोपवे, विभाजन विभिषिका स्मृति स्थल, धर्मांतरण विरोधी कानून और अवैध संरचनाओं पर कार्रवाई जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गुरु परंपराओं के आदर्शों को आत्मसात कर सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस को प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित अनेक गणमान्य और श्रद्धालुगण मौजूद रहे।



Spread the love