

रुद्रपुर, 10 मार्च 2026। मा० उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय रुद्रपुर सहित बाह्य स्थित दीवानी न्यायालय काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा में किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
सचिव योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि लोक अदालत में प्री-लिटीगेशन मामलों जैसे भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जलकर बिल, धारा 138 एनआई एक्ट के मामले, आपराधिक शमनीय मामले और सिविल विवाद का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त न्यायालयों में लंबित शमनीय प्रकृति के आपराधिक वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम विवाद, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, भुगतान व भत्तों से संबंधित सेवा मामले, राजस्व वाद तथा मोटर वाहन अधिनियम के चालान सहित अन्य सिविल मामलों जैसे किरायेदारी, सुखाधिकार और व्यादेश से जुड़े प्रकरणों का भी निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अपने मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में कराना चाहते हैं, वे किसी भी कार्य दिवस में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अपने वाद को लोक अदालत के लिए नियत करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र रुद्रपुर में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, हेल्प डेस्क नंबर 9411531449, फोन नंबर 05944-250682 या ई-मेल dlsausnagar@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।




