

एक यात्री का आरोप है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के ऑफ-ड्यूटी पायलट ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनका चेहरा खून से लथपथ हो गया।

एक्स पोस्ट के अनुसार, पीड़ित यात्री का नाम अंकित दीवान है। वे स्पाइसजेट की फ्लाइट से अपनी फैमिली -पत्नी, 7 साल की बेटी और 4 महीने की छोटी बेटी के साथ छुट्टियां मनाने जा रहे थे। छोटी बच्ची के स्ट्रॉलर की वजह से एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें स्टाफ वाली स्पेशल सिक्योरिटी लाइन इस्तेमाल करने की इजाजत दी थी।
अंकित ने सोशल मीडिया पर बताया कि लाइन में कुछ स्टाफ मेंबर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने टोका, तो एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल (जो उस दिन ऑफ-ड्यूटी थे और इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु जा रहे थे) ने नाराजगी जताई। बात बढ़ी और पायलट ने कथित तौर पर अंकित पर हाथ उठा दिया।
अंकित ने अपनी पोस्ट में चेहरे पर खून लगी फोटो शेयर की और लिखा, “मेरा खून निकल आया। मेरी 7 साल की बेटी ने सब कुछ देखा और वह अभी भी सदमे में है।” उन्होंने पायलट की शर्ट पर भी अपने खून के धब्बे होने की बात कही।
इस घटना के बाद अंकित का आरोप है कि उन्हें मजबूर किया गया कि वे एक पत्र लिखें, जिसमें कहा जाए कि वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे। वरना फ्लाइट मिस हो जाती और उनकी 1.2 लाख रुपये की हॉलिडे बुकिंग बर्बाद हो जाती। उन्होंने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए सवाल उठाया,”क्या मैं वापस आने के बाद शिकायत नहीं दर्ज करा सकता? क्या CCTV फुटेज गायब हो जाएगा?”




