

पतलोट महाविद्यालय में देवभूमि उद्यमिता योजना का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
नैनीताल। राजकीय महाविद्यालय पतलोट में शुक्रवार को देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित इस योजना का क्रियान्वयन भारतीय उद्यमिता संस्थान, अहमदाबाद के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के प्रति जागरूक करना तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और नवाचार की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य वक्ता एवं नियुक्त प्रोजेक्ट ऑफिसर भूपेंद्र सिंह गेहरा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को देवभूमि उद्यमिता योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए बताया कि युवा किस प्रकार उद्यमिता के क्षेत्र में अपने भविष्य को मजबूत बना सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का स्क्रीनिंग टेस्ट भी आयोजित किया गया। टेस्ट में चयनित छात्र-छात्राओं को आगामी चरणों में तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप तथा छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन कार्यक्रमों का पूरा खर्च योजना के अंतर्गत वहन किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी देवेंद्र लाल ने किया। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए उनकी सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में डॉ. मंजू पनेरू, सुश्री कल्पना, महिपाल सिंह, हेम चंद्र जोशी, हेम चंद्र कांडपाल, हेमा गोस्वामी और चंद्र प्रकाश कुड़ाई सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
अंत में प्राचार्या ने मुख्य वक्ता, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।




