

रुद्रपुर, 24 अप्रैल। पेंशनर्स सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी उत्तराखंड का बहुप्रतीक्षित द्वितीय महाअधिवेशन आगामी 27 अप्रैल 2025 को नगर निगम सभागार, रुद्रपुर में भव्य आयोजन के साथ सम्पन्न होने जा रहा है। इस संबंध में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ एल.एम. उप्रेती ने की।

बैठक में महाअधिवेशन की समस्त तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। मुख्य संयोजक ने आश्वस्त किया कि आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। वहीं संस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक श्री कल्याण राम ने बताया कि एक दर्जन से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रिहर्सल सफलतापूर्वक कराई जा चुकी है, जिससे दर्शकों को एक विविधतापूर्ण एवं मनोरंजक अनुभव प्राप्त होगा।
सोसायटी के संचालक श्री हरीश परगाईं ने बताया कि महाअधिवेशन के लिए विस्तृत कार्यक्रम तय कर लिया गया है। अधिवेशन प्रातः 9 बजे से सांय 4 बजे तक चलेगा, जिसमें राज्यभर से वरिष्ठ नागरिकों व पेंशनर्स के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उप्रेती ने जानकारी दी कि वह स्वयं व महासचिव पी.सी. शर्मा सभी अतिथियों के स्वागत व सोसायटी के सदस्यों की सत्कार व्यवस्था को व्यक्तिगत रूप से देखेंगे। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन न केवल विचारों के आदान-प्रदान का मंच बनेगा, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के हितों को सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर भी साबित होगा।
तैयारी बैठक में शंकर चक्रवर्ती, एफ.एस. बिष्ट, एम.सी. जोशी, आर.सी. जोशी, अजमेर सिंह रक्षित, अरविंद मिश्रा, एल.डी. पांडे, लक्ष्मी पंत, ओमप्रकाश, डॉ. पी.सी. सुयाल सहित दर्जनों गणमान्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन को सफल बनाने हेतु आपसी समन्वय व सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अधिवेशन से अपेक्षा की जा रही है कि यह पेंशनर्स व वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक भागीदारी को और अधिक सक्रिय व संगठित करेगा, तथा उनकी समस्याओं को नीति-निर्माताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।




