प्रेमानंद महाराज का केलि कुंज इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है. एक के बाद एक नई खबर निकल कर सामने आ रही हैं. पहले प्रेमानंद महाराज रसिक दुलाही की आत्महत्या फिर आश्रम में दीक्षा लेने आया सादाबाद का अनुज चौधरी गायब हो गया.

अब नोएडा के सेक्टर-65 निवासी उमेश सिंह की 35 वर्षीय बेटी विभा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई. MBA की पढ़ाई पूरी कर चुकी विभा 15 अगस्त को संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने की बात कहकर घर से निकली थी. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला. बेटी के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है.

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

पहले भी कई बार आश्रम जा चुकी थी

विभा संत प्रेमानंद महाराज की भक्त रही है और इससे पहले भी कई बार वृंदावन स्थित आश्रम आ चुकी थी. हर बार वह आश्रम जाने के बाद घर वापस लौट जाती थी. इस बार उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई. परिवार को आशंका है कि वह वृंदावन या आश्रम के आसपास कहीं हो सकती है.

पिता पहुंचे श्रीहित राधा केलि कुंज

कई दिनों तक नोएडा और आसपास तलाश करने के बाद उमेश सिंह परिजनों के साथ वृंदावन पहुंचे. वह रमणरेती क्षेत्र स्थित श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे और बेटी के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया. उमेश के अनुसार, उन्हें आश्रम में प्रवेश नहीं दिया गया. उन्होंने आश्रम के सेवकों से बेटी के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें संतुष्टिपरक जवाब नहीं मिल सका. हालांकि उमेश सिंह ने अपनी बेटी को आश्रम में प्रत्यक्ष तौर पर नहीं देखा है. इसके बावजूद बेटी की आस्था और पहले आश्रम आने-जाने के कारण परिवार को आशंका है कि वह वृंदावन में हो सकती है.

नोएडा थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

पिता ने बताया कि विभा के लापता होने के बाद उन्होंने नोएडा के थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है. उमेश का कहना है कि बेटी के अचानक लापता होने से पूरा परिवार परेशान है. कई दिन बीत जाने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने से उन्हें किसी अनहोनी की चिंता सता रही है. परिवार हर संभावित स्थान पर उसकी तलाश कर रहा है.

वृंदावन पुलिस ने नोएडा पुलिस से संपर्क की बात कही

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि युवती के लापता होने के संबंध में उनके पास फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि इस मामले में नोएडा पुलिस से संपर्क कर जानकारी ली जाएगी. इसके बाद युवती की तलाश के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. परिवार ने पुलिस और संबंधित लोगों से विभा की तलाश में मदद करने की अपील की है.