

लैंसडाउन।उत्तराखंड में लगातार बढ़ते पलायन की समस्या को लेकर हिमालय क्रांति पार्टी ने लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जन-संपर्क अभियान शुरू किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल सिंह बिष्ट गांव–गांव जाकर आम जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और व्यावहारिक समाधान का भरोसा दिला रहे हैं।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
जनसंपर्क के दौरान पार्टी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड का भविष्य बाहरी शहरों की ओर पलायन में नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार, स्थायी आजीविका और सम्मानजनक जीवन में निहित है। इसी सोच के तहत हिमालय क्रांति पार्टी ने “रिवर्स पलायन – दिल्ली से पहाड़ को” का संकल्प लेते हुए पहाड़ों को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप जनता के सामने रखा।
लाल सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य के गांव तभी मजबूत होंगे जब प्रत्येक परिवार को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। इसी उद्देश्य से पार्टी का मूल मंत्र है—
“एक परिवार – एक रोजगार”, ताकि युवाओं को मजबूरी में महानगरों का रुख न करना पड़े और गांवों की सामाजिक–आर्थिक संरचना सुदृढ़ हो।
उन्होंने बताया कि यह जनसंपर्क अभियान केवल चुनावी नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक जनआंदोलन का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य पलायन पर रोक, स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग और पहाड़ के लोगों को आत्मसम्मान के साथ जीवन देना है।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और स्थानीय स्तर पर रोजगार की मांग को प्रमुखता से उठाया। पार्टी ने भरोसा दिलाया कि जनभावनाओं के अनुरूप ठोस नीतिगत पहल की जाएगी।




