

रुद्रपुर।सेपक टाकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 28वीं सब जूनियर सेपक टाकरा (बालक/बालिका) राष्ट्रीय चैंपियनशिप (23 से 27 मार्च 2026, रांची—झारखंड) के लिए उत्तराखंड टीम के चयन हेतु 05 फरवरी 2026 को चयन ट्रायल का आयोजन किया गया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
यह चयन ट्रायल द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 40 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के मध्य मुकाबले कराए गए तथा उनकी तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लगोरी संगठन उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन उधम सिंह नगर के अधिवक्ता रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर चयन प्रक्रिया का शुभारंभ किया और सेपक टाकरा खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह खेल अत्यधिक चपलता, संतुलन और शक्ति की मांग करता है, जिसे हर व्यक्ति नहीं खेल सकता। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
चयन ट्रायल में चयनकर्ता के रूप में जिला ओलंपिक संघ उधम सिंह नगर के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सेपक टाकरा खिलाड़ी डॉ. नागेंद्र शर्मा सहित गौरव बेनीवाल, काव्य मौर्य, तेजस्वी कुमार, राहुल जोशी, शिवम नेगी, सूरज ठाकुर एवं शुभ श्रीवास्तव सहित अनेक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उपस्थित रहे।
संघ के अध्यक्ष आर.पी. शर्मा ने बताया कि सभी खिलाड़ियों के प्रपत्रों की जांच पूर्ण होने के बाद ही टीम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया जाएगा।




