

प्रीत बिहार में सनसनीखेज वारदात: मटर के खेत की जुताई के दौरान फायरिंग, एक की मौत, दो घायल
रुद्रपुर/प्रीत बिहार क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खड़ी मटर की फसल की जुताई को लेकर हुए विवाद में अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रीत बिहार क्षेत्र में खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने अवैध हथियार निकालकर कई राउंड गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से खेत और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और सड़क पर कई खाली कारतूस बिखरे मिले हैं, जिससे साफ है कि हमलावरों ने एक-दो नहीं बल्कि कई राउंड फायरिंग की।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन और खेती से जुड़े पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद से प्रीत बिहार और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रुद्रपुर गोलीकांड में खेत में काम कर रहे बेगुनाह कार्तिक की गोली लगने से मौत हो गई। चश्मदीद सूरज ने 50–60 राउंड फायरिंग का खुलासा किया। मौके पर 20 मजदूर थे। घटना के बाद इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े खेत में हुई इस फायरिंग से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




