

रूद्रपुर। बाजपुर में बीते दिनों एक बारात के दौरान हुई मारपीट में रम्पुरा निवासी युवक की मौत के मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज न होने से मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में रम्पुरा के लोगों ने एसएसपी कैंप कार्यालय पहुंचकर तहरीर सौंपी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
पूर्व विधायक ठुकराल के साथ मृतक 20 वर्षीय सचिन के पिता ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में रम्पुरा निवासी लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। मृतक के पिता ओमप्रकाश (निवासी वार्ड संख्या 24, रम्पुरा) ने एसएसपी को दी गई तहरीर में बताया कि 23 नवंबर की रात उनके रिश्तेदार की शादी थी। रम्पुरा से बारात टोपा कॉलोनी, बाजपुर गई थी। उनका बेटा सचिन भी बारात में शामिल था।
रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दुल्हन पक्ष के कई लोगों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब सचिन बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने कुर्सियों और खाने की टेबलों से बर्तन उठाकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने सचिन को छत से नीचे फेंक दिया और उसके ऊपर ईंट-पत्थर बरसाए।
गंभीर हालत में परिजन सचिन को रुद्रपुर के गौतम अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे श्रीराममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 28 नवंबर को सचिन की मौत हो गई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं एसएसपी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।




