
रुद्रपुर, 21 सितंबर।
श्री मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित शिवालिक हाल में आयोजित दो दिवसीय अंडर-21 व सीनियर (बालक/बालिका) उत्तराखंड राज्य स्तरीय जु-जित्सू प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता की राह दिखाती हैं और राज्य की खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने सरकार की खेल नीति का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों को आज नौकरी व स्कॉलरशिप जैसी अनेक सुविधाएं मिल रही हैं।


✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
महापौर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और आयोजकों सहित जिला डीएसओ जानकी कार्की का आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विनय जोशी ने राज्य के उभरते खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आयोजन को सराहनीय बताया।
प्रतियोगिता के परिणाम
जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव ऋषि पाल भारती ने जानकारी दी कि—
- बालिका वर्ग में ऊधम सिंह नगर ने 14 स्वर्ण, 12 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 32 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- नैनीताल ने 23 पदकों के साथ दूसरा और देहरादून ने 10 पदकों के साथ तीसरा स्थान पाया।
वहीं,
- बालक वर्ग में नैनीताल ने 10 स्वर्ण, 9 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 25 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- ऊधम सिंह नगर ने भी 25 पदक जीतकर दूसरा स्थान पाया।
- देहरादून ने 5 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा, एसोसिएशन अध्यक्ष विनय जोशी, निदेशक सतीश जोशी और महासचिव ऋषि पाल भारती ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्तर की तैयारी
ऋषि पाल भारती ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित सभी खिलाड़ी आगामी 9 से 12 अक्टूबर 2025 को सहारनपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जु-जित्सू प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक व पदाधिकारी
रैफरी व ऑफिशियल की भूमिका में नव्या पाण्डेय, कमल सिंह, वैभव पाण्डेय, आदित्य सिंह, निलेश जोशी, हिमा भट्ट, गंगा मेहरा, विशाल मेहता, रूनू शर्मा, युवराज खाती शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के पदाधिकारी किशोर सिंह, मुकेश यादव, कृष्ण साना, करुणानिधि (हरिद्वार), विशान छेत्री (देहरादून), आदित्य सिंह (नैनीताल), बलवंत सिंह (चंपावत-पिथौरागढ़), नवीन रयाल (टिहरी), कुंदन सिंह, यशपाल (अल्मोड़ा) समेत जिला खेल कार्यालय के प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।

