राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सूचना विभाग की झांकी प्रथम

Spread the love


देहरादून।गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग की झांकी ने लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। ‘‘रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’’ विषय पर आधारित इस झांकी में उत्तराखण्ड के पच्चीस वर्षों की विकास यात्रा के साथ-साथ तीर्थाटन और पर्यटन विकास की प्रमुख झलकियाँ प्रस्तुत की गईं।
झांकी के प्रथम भाग में माँ गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा स्थित गंगा मंदिर को दर्शाया गया। अग्रिम केबिन में उत्तराखण्ड गठन के 25 गौरवशाली वर्ष प्रदर्शित किए गए, जिनमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और निरंतर प्रगति को प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया।
ट्रेलर भाग में उत्तराखण्ड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों पर आधारित प्राचीन चिकित्सा पद्धति को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही होम-स्टे योजना के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की पहल को दर्शाया गया। आगे खरसाली स्थित यमुना मंदिर, जो माँ यमुना का शीतकालीन धाम है, को झांकी में शामिल किया गया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


झांकी के अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से उत्तराखण्ड की वर्ष-दर-वर्ष प्रगति और सतत विकास का प्रतीकात्मक चित्रण किया गया। पार्श्व भाग में राज्य में लागू नए कानूनों को प्रदर्शित कर कानून व्यवस्था और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया गया। पृष्ठभूमि में की गई ऐपण कला की सुसज्जा ने उत्तराखण्ड की पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ते हुए झांकी को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
सूचना विभाग की इस सुसंगठित और विषयवस्तु से भरपूर प्रस्तुति को निर्णायकों और दर्शकों से समान रूप से सराहना मिली।


Spread the love