
अब निदेशालय ने जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी को नोटिस भेजकर आपदा राशि खर्च नहीं करने का कारण पूछा है। इन अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
इस साल वर्षाकाल के दौरान भारी वर्षा के चलते ऊधम सिंह नगर जनपद के माध्यमिक के पांच व प्रारंभिक के आठ विद्यालय क्षतिग्रस्त हो गए थे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा मुकुल कुमार सती ने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधम सिंह नगर को विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक के पत्र के माध्यम से 25 अगस्त को एक करोड़ रुपये की राशि राज्य मोचन आपदा निधि के अंतर्गत जारी की गई थी।
इस धनराशि का उपयोग जिले के आपदा से क्षतिग्रस्त राजकीय माध्यमिक व प्रारंभिक विद्यालयों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए होना था। विभागीय अभिलेखों के अनुसार इन विद्यालयों के भवनों को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्य नहीं किया गया है।
निदेशक डा सती ने नोटिस में स्पष्ट कहा है कि निर्देश मिलने के बावजूद धनराशि का उपयोग न किया जाना घोर लापरवाही है और यह शासकीय कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी से तीन दिन के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा है कि अब तक धनराशि व्यय क्यों नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जवाब संतोषजनक न पाया गया तो इसे कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी जा सकती है।




 
		
 
		 
		