

रुद्रपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ग्राम बिंदुखेड़ा में आयोजित 74वें विशाल कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने किया। उन्होंने अखाड़े में उतरकर पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और हाथ मिलवाकर दंगल की शुरुआत कराई। इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उमड़े।
दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से आए नामी पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अखाड़े में पटखनी देने की होड़ और दर्शकों के जोशीले उत्साह से माहौल पूरी तरह ऊर्जावान नजर आया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम बिंदुखेड़ा में पिछले 74 वर्षों से लगातार विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारत की मिट्टी से जुड़ा गौरवशाली पारंपरिक खेल है, जो अनुशासन, धैर्य और शारीरिक शक्ति का प्रतीक है।
ठुकराल ने कहा कि आज के डिजिटल युग में, जब युवा मोबाइल और नशे जैसी कुरीतियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे आयोजनों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। कुश्ती जैसे खेल युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस ऐतिहासिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए साधुवाद दिया और खेलों के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान काबल सिंह, सुरजीत सिंह बरनाला, परमजीत सिंह, जोगेंद्र सिंह, भजनीक सिंह, वीरेंद्र सिंह, भजन सिंह, प्रीतम सिंह प्रधान, बूढ़ सिंह, पैड सिंह, बलविंदर सिंह बबलू, जगीर सिंह, निशान सिंह, कुलवंत सिंह, अजय नारायण सिंह, ललित बिष्ट, अमरजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह बिट्टा, जसपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।





