
रुद्रपुर। नगर निगम परिसर स्थित महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा स्थल पर मंगलवार को भव्य श्रद्धांजलि एवं हवन-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि केवल रामायण जैसे महान ग्रंथ के रचयिता ही नहीं, बल्कि एक युगद्रष्टा थे, जिन्होंने मानवता को धर्म, करुणा, समरसता और समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि जी का जीवन यह सिद्ध करता है कि आत्मबोध, परिश्रम और तपस्या से कोई भी व्यक्ति उच्चतम आदर्शों को प्राप्त कर सकता है।
श्री ठुकराल ने लोगों से आह्वान किया कि वे महर्षि वाल्मीकि के विचारों और शिक्षाओं को आत्मसात करें तथा समाज में प्रेम, सहयोग और सद्भाव का वातावरण बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी आएगा जब हम अपने आचरण में उनके आदर्शों को उतारेंगे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन किया और सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में समाजसेवी संजय ठुकराल, सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, अंकित, लक्ष्मण, सुनील, आसाराम, राजपाल चौधरी, मनोज, बिट्टू वाल्मीकि, अनुज, रोहित, बंटी, राजू, आनंद शर्मा, ललित बिष्ट, राजू गुप्ता, रमन विश्वास, विकास बंसल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


