

रूद्रपुर, 20 दिसम्बर 2025।जनपद में औद्योगीकरण को और अधिक गति देने तथा उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने उद्योग बंधुओं की समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने शनिवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित उद्योग मित्र की बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे उद्यमियों को समयबद्ध सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक संस्थानों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। पूर्व में आयोजित बैठकों में उठाए गए मुद्दों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की और शासन स्तर पर लंबित मामलों के लिए पुनः अनुस्मारक पत्र भेजने तथा विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की समय-सीमा तय कर उन्हें समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों ने एल्डिको सिडकुल औद्योगिक पार्क, सितारगंज के फेज-2 में विद्युत आपूर्ति के लिए नए सब स्टेशन के निर्माण की मांग रखी। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सितारगंज ने बताया कि प्रस्ताव को राज्य स्तरीय उद्योग मित्र बैठक में रखने हेतु ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर निदेशालय को भेज दिया गया है। उद्यमियों ने सितारगंज से एल्डिको सिडकुल तक सड़क मरम्मत एवं चौड़ीकरण का मुद्दा भी उठाया, जिस पर लोक निर्माण विभाग ने डीपीआर स्वीकृति के बाद कार्य कराए जाने की बात कही।
मै. मां शीतला वेंचर्स लिमिटेड से एनएच-74 तक दायीं ओर पाहा नहर की कवरिंग के कार्य का अनुरोध किया गया। इस पर समय से शासन को अनुस्मारक पत्र न भेजे जाने पर अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। वहीं सिमला से मलसा-दरउ तक सड़क चौड़ीकरण के मामले में उप जिलाधिकारी एवं महाप्रबंधक उद्योग को उद्यमियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। काशीपुर के मुरादाबाद रोड पर स्वीकृत 132 केवी पावर सब स्टेशन की स्थापना का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।
उद्योग संगठनों ने बिजली, भूमि लाइसेंस, लंबित प्रकरणों, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाते हुए औद्योगिक माहौल को और अधिक अनुकूल बनाने के सुझाव दिए। अपर जिलाधिकारी ने उद्योग प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों से संबंधित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उद्योगों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और समन्वय की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी/आरएम सिडकुल रुद्रपुर मनीष बिष्ट, आरएम सिडकुल सितारगंज रविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस दांगी, लोनिवि ओपी सिंह, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट सहित केजीसीसीआई, एसईडब्ल्यूएस के पदाधिकारी, अनेक उद्यमी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




