

देहरादून।अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े खुलासों के बाद पूरे उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल लाने वाली उर्मिला सनावर सोमवार को एसआईटी के समक्ष पेश हुईं। देहरादून पहुंचकर उन्होंने विशेष जांच टीम (SIT) के सामने अपना बयान दर्ज कराया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
एसआईटी के समक्ष पेश होने के बाद मीडिया से बातचीत में उर्मिला सनावर ने कहा कि वह शुरुआत से ही अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही हैं और किसी भी दबाव, डर या राजनीतिक प्रभाव से पीछे हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके पास जो भी जानकारी और तथ्य थे, वे सभी उन्होंने एसआईटी को सौंप दिए हैं।
उर्मिला ने कहा, “यह मामला केवल एक लड़की की हत्या का नहीं, बल्कि सिस्टम की सड़ांध का है। अगर जांच निष्पक्ष हुई तो कई बड़े चेहरे बेनकाब होंगे। मैं सच बोलने आई हूं और सच से पीछे नहीं हटूंगी।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक की जांच में कई सवालों के जवाब अधूरे हैं और कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिशें की गई हैं। उर्मिला सनावर ने दोहराया कि यदि सरकार और एजेंसियां सच में न्याय चाहती हैं तो मामले की जांच को और पारदर्शी बनाना होगा।
उर्मिला ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अंकिता के लिए उठी आवाज को कमजोर न पड़ने दिया जाए, क्योंकि जनदबाव ही इस मामले में निष्पक्ष न्याय की सबसे बड़ी ताकत है।
एसआईटी सूत्रों के अनुसार, उर्मिला सनावर के बयान को जांच के लिए अहम माना जा रहा है और उनके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर आगे की पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर से प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और उर्मिला सनावर की एसआईटी में पेशी के बाद यह मामला नए मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है।




