देवभूमि उत्तराखंड में अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही मौसम बदला-बदला सा नजर आ रहा है. मानसूनी विदाई के बाद अब ठंड ने दस्तक दे दी है और पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम का मिजाज तेजी से बदल चुका है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, 12 अक्टूबर को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर हिमपात की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 12 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 3500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तथा गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है.

हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर

प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बीते चौबीस घंटोंके दौरान हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते ठिठुरन बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज यानी 12 अक्टूबर को प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. हालांकि, अचानक हुए इस मौसमी बदलाव से पारा तेजी से नीचे लुढ़क गया है, जिससे लोग अब गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर हो गए हैं.

पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर सीजन का चौथा हिमपात
पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी दर्ज की गई है. जिले के ज्योलिंगकोंग, कालापानी और नाभीढांग के क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है. यह इस सीजन की चौथी बर्फबारी बताई जा रही है. लगातार हो रही बर्फबारी के चलते सीमांत इलाकों में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है. दोपहर बाद शुरू हुआ बर्फबारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा, जिसकी वजह से निचले इलाकों में भी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है.

देहरादून और ऋषिकेश में झमाझम बारिश से लुढ़का पारा
देहरादून में रविवार, 11 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहर में दोपहर बाद से शुरू हुए झमाझम बारिश के सिलसिले ने पूरे माहौल को ठंडा कर दिया है. बारिश के चलते राजधानी समेत आसपास के इलाकों में ठंडक का अहसास होने लगा है. वहीं तीर्थनगरी ऋषिकेश में भी तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया, जिससे दिन के समय ही ठंडी हवाएं चलने लगीं.

टिहरी और अल्मोड़ा में 7 डिग्री तक गिरा तापमान, मैदानी जिलों में भी ठंड
टिहरी और अल्मोड़ा में मौसम के बदले मिजाज का सबसे ज्यादा असर तापमान पर पड़ा है. इन दोनों ही जिलों में पिछले दो दिनों के भीतर पारे में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट देखने को मिली है. इसके प्रभाव से न सिर्फ पर्वतीय बस्तियों में बल्कि हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी सिहरन बढ़ गई है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं और मैदानी हिस्सों में हुई हल्की बूंदाबांदी ने अक्टूबर के शुरुआती पखवाड़े में ही नवंबर जैसी ठंड का अहसास करा दिया है.

उत्तरकाशी में बादलों का डेरा, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन
सीमांत जिले उत्तरकाशी में 11 अक्टूबर की सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे. जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है, कहीं रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है तो कहीं ठंडी हवाएं चल रही हैं. इस लगातार बदलते मौसम के कारण उत्तरकाशी मुख्यालय और आसपास की घाटियों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है. आने वाले दिनों में भी 12 अक्टूबर को उत्तरकाशी के 3500 मीटर से ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं.

13 से 17 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम का हाल?

  • 13 अक्टूबर: देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3500 मीटर से ऊपर बर्फबारी की संभावना है. बाकी जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा.
  • 14 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश/बर्फबारी (3500 मीटर व ऊपर) के आसार हैं. अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा.
  • 15 अक्टूबर: देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और 3500 मीटर से ऊंचे स्थानों पर हिमपात संभव है. शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा.
  • 16 अक्टूबर: कुमाऊं मंडल के कुछ स्थानों और गढ़वाल मंडल के जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश तथा 3800 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी का अनुमान है.
  • 17 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में बहुत हल्की बारिश/बर्फबारी (3800 मीटर से ऊपर) हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा.

🌥 मौसम अपडेट