रुद्रपुर, 14 जुलाई। भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड (माइक्रोमैक्स) में घोषित 45 दिन के ले-ऑफ को अवैध बताते हुए श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधम सिंह नगर के नेतृत्व में मंगलवार को श्रम भवन रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद उप श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अवैध ले-ऑफ तत्काल समाप्त कराने, न्यूनतम वेतनमान लागू करने, उच्चतम न्यायालय में हुए समझौते का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने तथा प्रबंधन के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी श्रम विभाग और प्रशासन की होगी।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सिडकुल पंतनगर स्थित भगवती (माइक्रोमैक्स) प्रबंधन ने न्यूनतम वेतनमान की मांग और औद्योगिक विवाद लंबित रहने के दौरान बिना अनुमति 1 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक 45 दिन का ले-ऑफ घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी में राज्य सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतनमान आज तक लागू नहीं किया गया है। तकनीकी, डिप्लोमा और बीटेक योग्य कर्मचारियों को भी कुशल श्रमिक का दर्जा नहीं दिया जा रहा है। साथ ही प्लांट के एक हिस्से को औद्योगिक नीति और सिडकुल नियमों के विपरीत मंजुश्री कंपनी को गोदाम के लिए किराये पर देने का भी आरोप लगाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि अवैध छंटनी और ले-ऑफ के खिलाफ पांच वर्ष के संघर्ष के बाद उच्चतम न्यायालय में समझौता हुआ था और प्लांट दोबारा संचालित हुआ, मगर प्रबंधन ने समझौते का पूर्ण पालन नहीं किया तथा अब फिर श्रमिकों के हितों पर प्रहार किया है।
प्रदर्शन में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, महासचिव चंद्र मोहन लखेरा, दलजीत सिंह, भगवती एम्पलाइज यूनियन के नंदन सिंह, ठाकुर सिंह, हेम जोशी, नेस्ले से संजय सिंह नेगी और दीपेश भट्ट, CSTU से मुकुल और धीरज जोशी, आनंद निशिकावा से गंगा सिंह और शंभू शर्मा, इंकलाबी मजदूर केंद्र से दिनेश चंद्र, इनटार्क संगठन से भास्कर दत्त भट्ट और योगेंद्र गिरी, बजाज ऑटो लिमिटेड एम्पलाइज संघ से संदीप कुमार, नरेंद्र सिंह और अतुल त्रिपाठी, नेस्ले कर्मचारी संगठन से संजय सिंह नेगी, CPI(ML) से ललित मटियाली, मंत्री मेटल्स वर्कर्स से महेश चंद्र, निरंजन लाल तथा सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
भगवती-माइक्रोमैक्स में ले-ऑफ के विरोध में श्रमिक संयुक्त मोर्चा का प्रदर्शन, श्रम भवन में सौंपा ज्ञापन
