केदारनाथ में चीरबासा हेलीपैड के पास एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में उखीमठ निवासी 65 वर्षीय मदन मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्र में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पैदल रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे मलबे की सफाई में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

Spread the love

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ की पैदल यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है। वहीं लौटने वाले यात्रियों को जंगलचट्टी में रोका गया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

पैदल यात्रा रोकी गई

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार, चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से गिरे बोल्डरों की चपेट में एक शख्स आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उखीमठ के 65 साल के मदन मोहन तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद हो गया है। इस कारण पैदल यात्रा रोक दी गई है।

जगह-जगह रोके गए यात्री

अधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश और पत्थर गिरने के कारण रास्ते को साफ करने में दिक्कत आ रही है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पैदल यात्रा रोक दी गई है। केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग, गौरीकुंड और वापस आने वाले यात्रियों को जंगलचट्टी में रोक दिया गया है। सभी तीर्थयात्रियों से मार्ग खुलने और प्रशासन से अनुमति मिलने तक पैदल मार्ग पर आगे नहीं बढ़ने को कहा गया है। मौसम अच्छा होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही बहाल की जाएगी।

चारधाम यात्रा ने रचा इतिहास

इस साल चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालु आ रहे हैं जिससे एक नया इतिहास बन रहा है। शनिवार को ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप कार्यालय में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक हुई जिसमें कहा गया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धामों में सुविधाएं, पारदर्शिता और प्रबंधन को और बेहतर बनाया जाएगा।

अब तक के आंकड़े

श्री हेमकुंड साहिब सहित चारधाम में अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि अकेले बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में 32 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं। चारधाम यात्रा के लिए 60 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। श्री बदरीनाथ धाम में अब तक 17,22,908 और श्री केदारनाथ धाम में 14,92,047 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। दोनों धामों से समिति को 76 करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी हुई है। इस साल अब तक करीब 20 फीसदी अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं।


Spread the love