श्रीनगर विधानसभा में HKP की बड़ी सेंध, पूर्व प्रधान जयपाल सिंह नेगी समेत दर्जनों ग्रामीण पार्टी में शामिल

Spread the love


पोखरी (पौड़ी गढ़वाल)। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने ग्राम सभा पोखरी में आयोजित एक बैठक के दौरान बड़ी राजनीतिक सेंध लगाते हुए पूर्व प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता जयपाल सिंह नेगी समेत दर्जनों ग्रामीणों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
ग्राम पंचायत भवन पोखरी में महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती नीलम नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में HKP के प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने नवागंतुक सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र में पार्टी के बढ़ते जनाधार को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने राष्ट्रीय दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से प्रदेश की जनता “मनी, मसल और मैकिनेशन” की राजनीति झेल रही है। राष्ट्रीय दल केवल अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के हित में काम कर रहे हैं, जबकि आम जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने दावा किया कि HKP उत्तराखंड की “मिट्टी, मेहनत और मिशन” को आधार बनाकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेगी।
डॉ. बिष्ट ने पार्टी के चार प्रमुख संकल्प भी गिनाए। उन्होंने कहा कि HKP सत्ता में आने पर मूल निवास 1950 को पुनः लागू करेगी, प्रत्येक परिवार को एक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, मजबूत भू-कानून लागू होंगे तथा गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।
उन्होंने स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में कटुलस्यूं पट्टी विकास से कोसों दूर पहुंच गई है। क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व प्रधान जयपाल सिंह नेगी ने कहा कि ग्रामीण अब राष्ट्रीय दलों के झूठे वादों से ऊब चुके हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे करने वाले नेता जीतने के बाद गांवों की ओर मुड़कर नहीं देखते। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की जनता राज्यहित और स्थानीय मुद्दों को लेकर HKP का समर्थन करेगी।
जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी स्थानीय लोगों को नेतृत्व और प्रतिनिधित्व देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह नेगी के पार्टी में शामिल होने से श्रीनगर विधानसभा में HKP को नई मजबूती मिलेगी।
बैठक में सुरेश चमोली, विपिन कुकरेती, राजेंद्र सिंह रावत, शिव कुमार पांडे, नीलम नेगी, लक्ष्मी देवी, मीना देवी, सुनीता देवी, पार्वती देवी, विमला देवी, रेखा देवी, रिया, अनूप सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह और वासुदेव सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love