

रुद्रपुर,जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को रुद्रपुर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्रों तथा अन्य सुरक्षा उपायों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था किसी भी सूरत में ढीली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को स्पष्ट किया कि सीसीटीवी कैमरों के स्टोरेज ब्रेकअप पर नियमित रूप से नजर रखी जाए, और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में कोई कोताही न हो।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव पारदर्शी और निष्पक्ष चुनावों पर टिकी होती है, और ईवीएम की सुरक्षा उसमें सबसे अहम कड़ी है। अतः इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हंसा दत्त पाण्डे, भाजपा के कार्यालय मंत्री गजेन्द्र प्रजापति, बसपा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर राव सहित अन्य अधिकारी एवं दल प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।




