
पंतनगर, 16 जुलाई। उत्तराखंड के पारंपरिक पर्व हरेला के अवसर पर आज गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर परिसर में मंडलायुक्त श्री दीपक रावत, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) मनमोहन सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के हरेला उद्यान एवं शिवालिक भवन परिसर में आयोजित हुआ। इसके उपरांत टांडा रेंज में भी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी एवं प्रभागीय वनाधिकारी उमेश तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण किया।
संवाददाता,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/ अवतार सिंह बिष्ट/उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी!
इस अवसर पर मंडलायुक्त श्री दीपक रावत ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ हमारे सामंजस्य का प्रतीक है। इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक वृक्षारोपण कर हम जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “जहाँ हरियाली है, वहीं खुशहाली है।”
जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण संभव है, और हरेला जैसे पर्व इसके लिए जनजागरूकता का सशक्त माध्यम हैं। वहीं कुलपति प्रो. (डॉ.) मनमोहन सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय पर्यावरणीय शोध एवं संरक्षण में अग्रणी रहा है, और इस दिशा में छात्रों एवं कर्मियों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विविध प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर एसडीओ वन शशि देव, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डे, विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र, वन रेंजर, वन कर्मी एवं पर्यावरण प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
—



