हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स की खबर का असर : जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई, दिए त्वरित निस्तारण व राजस्व वसूली के कड़े निर्देश

Spread the love

रूद्रपुर, 20 अगस्त 2025 (.) – हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित लगातार रिपोर्टों के असर से अब प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय होती नजर आ रही है। बुधवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक लेकर सभी विभागों को स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित न्यायालय में बैठकर लंबित वादों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें और पुराने वादों को प्राथमिकता पर लें। जिलाधिकारी ने अभियोजन पक्ष से प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

राजस्व वसूली पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि शतप्रतिशत वसूली हर हाल में की जाए। बड़े बकायेदारों की सूची तहसीलों व नगर निकायों में चस्पा करने और वसूली में ढिलाई बरतने वाले अमीनों पर कार्यवाही के आदेश दिए। साथ ही जीएसटी चोरी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश राज्यकर अधिकारियों को दिए।

उन्होंने आबकारी विभाग को कच्ची शराब व अवैध मदिरा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए। खनन विभाग को अवैध खनन व भंडारण पर तत्काल रोक लगाने और संयुक्त रूप से नियमित छापेमारी करने के आदेश भी दिए।

बैठक में खाद्य पदार्थ, तेल, मसाले, दुग्ध उत्पाद व होटलों-ढाबों की नियमित जांच कर सैंपलिंग और शीघ्र जांच रिपोर्ट मंगवाने के निर्देश भी दिए गए। सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ ही शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता करने पर भी जिलाधिकारी ने जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मानसूनकाल में अधिकारी सतर्क रहें और दैवीय आपदाओं से निपटने में तत्परता दिखाएं।

बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, एसडीएम मनीष बिष्ट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love