उत्तराखंड के हल्द्वानी में उस वक्त बवाल हो गया जब शहर के उजाला नगर इलाके में एक धार्मिक स्थल के सामने रविवार रात को मांस का टुकड़ा बरामद हुआ। मांस का टुकड़ा मिलने के बाद बवाल हो गया।

Spread the love

सूचना फैलते ही कुछ संगठनों के लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

कुत्ता लाया था मांस

पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर बताया है, कुत्ता कहीं से मांस वहां पर लाया था। मामले की जांच चल रही है। मांस की सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है।

उग्र हो गई भीड़

पुलिस की जांच के दौरान भीड़ उग्र हो गई और बरेली रोड पर पथराव की घटनाएं सामने आईं। एक डीलक्स रेस्टोरेंट पर भीड़ ने पथराव किया और अंदर तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख पुलिस ने रेस्टोरेंट को बंद कराया।

लाठीचार्ज, भारी पुलिस फोर्स तैनात

हंगामे के बीच अराजक तत्वों ने एक कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस की रोकने की कोशिश पर पथराव हुआ, जिस पर जवाबी कार्रवाई में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई उपद्रवी भाग निकले, जबकि कुछ को हिरासत में लिया गया। बरेली रोड और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है।

इलाके में फ्लैग मार्च

प्रदर्शनकारियों ने एक ऑटो चालक पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया। इससे पहले मेयर गजराज बिष्ट भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए इलाके में फ्लैग मार्च किया। पुलिस टीम ने उजाला नगर क्षेत्र में गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी।


Spread the love