हिमालय क्रांति पार्टी की पौड़ी जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न, लैपटॉप चुनाव चिन्ह लॉन्च; नए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी



पौड़ी। हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) ने आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पौड़ी स्थित जिला कार्यालय में पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष एवं श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी रवींद्र प्रसाद जुयाल ‘बोड़ा जी’ ने की। इस दौरान पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘लैपटॉप’ कार्यकर्ताओं के सामने लॉन्च किया गया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर


बैठक में सर्वसम्मति से कुलदीप कुमार को पौड़ी नगर अध्यक्ष, जयपाल सिंह नेगी को खिरसू ब्लॉक अध्यक्ष तथा सूरज सिंह नेगी को पौड़ी ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर संदीप सिंह रावत, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं श्री डांडा नागराजा तीर्थधाम के पूर्व अध्यक्ष शशिकांत चमोली तथा थलीसैंण ब्लॉक अध्यक्ष बालम सिंह नेगी सहित अन्य लोगों का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया गया।
प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी अब अपनी अलग राजनीतिक पहचान स्थापित कर रही है। पार्टी को लैपटॉप चुनाव चिन्ह मिलने के बाद आगामी चुनावों में प्रत्याशियों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चुनाव चिन्ह और पार्टी की विचारधारा को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक क्रांतिवीर की जिम्मेदारी है।
उन्होंने राष्ट्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की दो प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियां विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और चरित्र हनन की राजनीति कर रही हैं, जबकि हिमालय क्रांति पार्टी प्रदेश की जनता के उज्ज्वल भविष्य और विकास की योजनाओं पर काम कर रही है।
डॉ. बिष्ट ने सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों की विवेकाधीन निधि के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के मद्देनजर गांवों में मिठाई, साड़ी, ढोलक-चिमटा, बर्तन और कपड़े बांटे जा रहे हैं, जबकि इन निधियों का उपयोग जनता की वास्तविक जरूरतों और विकास कार्यों के लिए किया जाना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला उपाध्यक्ष एवं श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी रवींद्र प्रसाद जुयाल ‘बोड़ा जी’ ने कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़कर राजनीतिक हलचल पैदा करना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी में केवल प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में नहीं है, बल्कि प्रत्येक क्रांतिवीर संगठन की विचारधारा और लक्ष्य को लेकर जनता के बीच सक्रिय है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों और पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयास पार्टी को विजय की ओर अग्रसर करेंगे।
नवनियुक्त नगर एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
बैठक का संचालन जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत ने किया।
इस दौरान प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट, रवींद्र प्रसाद जुयाल, पपेंद्र सिंह रावत, कोट ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सिंह बेलवाल, सुरेन्द्र सिंह नेगी, कुलदीप कुमार, सुरेश चमोली, विपिन कुकरेती, नागी देवी, रेखा देवी, बालम सिंह नेगी, सूरज सिंह नेगी, संदीप रावत, देवेंद्र सिंह गुसाईं, शशिकांत चमोली और शिव पांडे सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement