जमरानी बांध में घटिया सड़क निर्माण के विरोध में धरना, हरीश पनेरु के हस्तक्षेप से समाप्त

Spread the love


रुद्रपुर/जमरानी, 4 दिसम्बर 2025।
जमरानी बांध क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क को घटिया गुणवत्ता से बनाए जाने और डामरीकरण के दौरान खनन में लगे भारी वाहनों के संचालन पर रोक की मांग को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन में उस समय नया मोड़ आ गया, जब पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क निर्माण बेहद निम्न स्तर का किया जा रहा है और भारी खनन वाहन डामरीकरण के दौरान लगातार सड़क को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा था। धरना स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।

पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हरीश पनेरु ने मौके पर पहुंचकर धरना दे रहे श्री तारादत्त पाण्डेय सहित सभी प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रशासन से ठोस कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। लंबी वार्ता के बाद श्री पनेरु के आश्वासन पर श्री तारादत्त पाण्डेय धरना प्रदर्शन समाप्त करने को सहमत हो गए।

हरीश पनेरु ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदर्शनकारियों की सभी उचित मांगों को प्रशासन तक मजबूती से रखकर उन पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

धरना समाप्त होने के बाद भी क्षेत्रवासियों में प्रशासन के रवैये को लेकर रोष बना हुआ है, वहीं अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



Spread the love