गुजरात टाइटन्स के लिए लगातार गेंद से कमाल दिखाने वाले किशोर ने इस बार बल्ले से ऐसा धमाका किया कि विपक्षी गेंदबाजों को समझ नहीं आया कि प्लान करे तो करे क्या।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
गुजरात टाइटन्स के स्टार स्पिनर साई किशोर ने गुरुवार (4 दिसंबर) को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 के लीग स्टेज के 93वें मैच में बल्ले से तूफानी प्रदर्शन करते हुए तहलका मचा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में त्रीपुरा के खिलाफ खेले गए मैच में साई किशोर ने इस बार गेंद नहीं, बल्कि बल्ले से अपना असली रंग दिखाया।
तमिलनाडु की टीम जब 26 रन पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में थी, तब साई किशोर नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने उतरे। शुरुआत में टिकने के बाद उन्होंने गियर बदलते हुए तीन चौके और ताबड़तोड़ 8 छक्के जमाए। 29 वर्षीय स्पिनर ने सिर्फ 39 गेंदों में नाबाद 87 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का पूरा रुख अपने नाम कर लिया।
इस दौरान उन्होंने कप्तान नारायण जगदीशन (83 रन) के साथ 119 रन की धमाकेदार साझेदारी की। खास बात ये रही कि किशोर ने त्रीपुरा के गेंदबाज इंद्रजीत देवनाथ को पारी के आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के मारकर मैच को पूरी तरह विपक्षी टीम से दूर कर दिया।

