किच्छा में निर्माणाधीन सेटेलाइट एम्स की प्रगति धीमी, डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी

Spread the love


मई 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश, तीन शिफ्टों में होगा निर्माण कार्य

रुद्रपुर, 06 दिसंबर 2025।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में किच्छा में निर्माणाधीन सेटेलाइट एम्स की प्रगति की समीक्षा की। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीपीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को कार्य में तत्काल तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

जिलाधिकारी ने कहा कि सेटेलाइट एम्स न केवल उधम सिंह नगर बल्कि पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला संस्थान होगा, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्स परिसर का समस्त निर्माण कार्य हर हाल में मई 2026 तक पूर्ण किया जाए।

डीएम ने अधिशासी अभियंता तथा सहायक अभियंता को दैनिक स्तर पर प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सहायक अभियंता को आदेशित किया कि वे प्रतिदिन उपजिलाधिकारी किच्छा को प्रगति रिपोर्ट भेजें तथा प्रत्येक मंगलवार को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे वास्तविक स्थिति की नियमित निगरानी हो सके।

बैठक के दौरान निर्माणाधीन नर्सिंग हॉस्टल के कार्य की धीमी गति पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया और इसे युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एम्स के सुचारु संचालन के लिए नर्सिंग हॉस्टल एवं अन्य सहायक भवनों का समय पर तैयार होना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य भवन के निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने एवं तीन शिफ्टों में कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि पर्याप्त जनशक्ति से निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी आएगी।

अंत में जिलाधिकारी भदौरिया ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय, नियमित स्थल निरीक्षण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किच्छा में बन रहा सेटेलाइट एम्स तय समय में पूर्ण होकर जनता को आधुनिक एवं उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे, अधिशासी अभियंता सिंचाई खण्ड रुद्रपुर भरत सिंह डांगी, अधिशासी अभियंता सीपीडब्ल्यूडी राजवेद, सहायक अभियंता सीपीडब्ल्यूडी राकेश पटेल तथा नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी के जीएम शंकर भोल्लू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



Spread the love